न्यूज़

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, ग्राम बैहरसरी में नवीन धान उपार्जन केंद्र का हुआ शुभारंभ; किसानों में उत्साह

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। धान खरीदी के पहले दिन प्रदेशभर के उपार्जन केंद्रों में किसानों की चहल-पहल देखने को मिल रही है। इस वर्ष प्रदेश में 37 नए धान उपार्जन केंद्र खोले गए हैं, जिसके बाद कबीरधाम जिले में कुल धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 145 हो गई है।

इसी कड़ी में ग्राम पंचायत बैहरसरी में सेवा सहकारी समिति मर्यादित बैहरसरी के नवीन धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस नए केंद्र के शुरू होने से बैहरसरी सहित आसपास के किसानों को धान विक्रय करने में सुविधा मिलेगी। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

शुभारंभ अवसर पर गांव के सरपंच नरेंद्र वर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री अमित वर्मा, उपसरपंच अमित वर्मा, सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष दीपाराम वर्मा, सुशील कुमार वर्मा, दीपेश वर्मा, बिसेन वर्मा, रामकुमार वर्मा, रामशंकर वर्मा, जीवन वर्मा, तिलक जायसवाल, सुदर्शन वर्मा, सतल वर्मा, संतोष वर्मा सहित खाद्य निरीक्षक दिलेश्वर साहू उपस्थित रहे।

वहीं धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक भास्कर तिवारी, ऑपरेटर विकास वर्मा सहित गांव के समस्त ग्रामवासी एवं किसान भी इस अवसर पर मौजूद रहे। नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों एवं किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी

 

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी का निर्धारित समय 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक रखा गया है। किसानों को टोकन व्यवस्था के माध्यम से धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्राम बैहरसरी में नवीन धान उपार्जन केंद्र की शुरुआत को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसानों को समय और परिवहन की बचत होगी तथा धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।

You cannot copy content of this page