
कबीरधाम। दौजरी–नाऊडीह–हरिनछापरा मार्ग की बदहाल स्थिति अब किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सड़क की जर्जर हालत के कारण गन्ना परिवहन कर रहे किसानों को आए दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मार्ग पर गन्ने से भरा एक ट्रैक्टर पलट गया, जिससे किसान की मेहनत और उपज को नुकसान पहुंचने की स्थिति निर्मित हो गई।

गौरतलब है कि इस मार्ग की खराब स्थिति को लेकर पूर्व में भी कई बार माननीय कलेक्टर महोदया का ध्यान आकर्षित कराया गया था। किसान संघ के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने तथा किसानों की समस्या का शीघ्र निराकरण करने की मांग भी की गई थी। इसके बावजूद आज तक सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि खेतों में दिन-रात मेहनत कर गन्ना पैदा करने वाला किसान अपनी उपज को कारखाने तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भी संघर्ष करने को मजबूर क्यों है? जब बार-बार शिकायत, मांग और ज्ञापन देने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं होती, तो आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार है। उसकी मेहनत, समय और उपज की सुरक्षा करना प्रशासन की भी जिम्मेदारी है।
प्रशासन से मांग है कि दौजरी–नाऊडीह–हरिनछापरा मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर सड़क को शीघ्र आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसानों को अपनी उपज का परिवहन करने में परेशानी न उठानी पड़े।
अब आश्वासन नहीं, धरातल पर काम चाहिए। किसान की मेहनत और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए।


