कवर्धाखास खबरखेलछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीतिलोहारा

कबीरधाम की बेटी पूनम साहू ने बढ़ाया जिले का मान, कचरे से बिजली बनाने का मॉडल राज्य स्तर के लिए चयनित

कवर्धा/बोड़ला। कबीरधाम जिले के ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। इसे साबित करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला की कक्षा 11वीं की छात्रा कुमारी पूनम साहू ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार से जिले का नाम रोशन किया है। उनके द्वारा तैयार किया गया ‘कचरे से बिजली उत्पादन’ मॉडल जोन स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए राज्य स्तर के लिए चयनित हुआ है।

बोड़ला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सारंगपुरकला की छात्रा पूनम साहू ने अपने मॉडल के माध्यम से यह संदेश दिया है कि कचरे का सही उपयोग कर उसे उपयोगी ऊर्जा में बदला जा सकता है। उनका यह नवाचार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और वैकल्पिक ऊर्जा की संभावनाओं को प्रदर्शित करता है।

 

इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के मार्गदर्शक व्याख्याता श्रीमती विमला महोबिया, रविकांत तितरमारे, हीरालाल भास्कर सहित समस्त विज्ञान शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। छात्रा की लगनशीलता, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और मॉडल की सराहना विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने की है।

बताया गया कि मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती विमला महोबिया को छात्रा के मॉडल और उसकी अवधारणा पर पूरा विश्वास था। जोन स्तर पर प्रथम स्थान और राज्य स्तर के लिए चयनित होने के साथ ही उनका विश्वास भी सार्थक साबित हुआ।

 

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सी.पी. चंद्रवंशी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा पूनम साहू को बधाई दी। साथ ही इस सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, मार्गदर्शकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

ग्रामीण अंचल की एक छात्रा द्वारा कचरे से बिजली उत्पादन जैसे उपयोगी विषय पर मॉडल तैयार कर राज्य स्तर तक पहुंचना निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। पूनम साहू की इस उपलब्धि से विद्यालय, गांव और पूरे कबीरधाम जिले में खुशी का माहौल है।

You cannot copy content of this page