
कवर्धा। कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। मामले में भोरमदेव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जंगल में तीन मवेशी व्यापारियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की और नगदी व मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग करते हुए जबरन बैंक खाते में 90 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने दो साथियों गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए 9 मवेशियों को बेचने के लिए ग्राम सारसडोल, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास आराम करने के दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।

आरोपियों ने तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके पास मौजूद नगदी और मोबाइल फोन लूट लिए। आरोपियों ने व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले जाते हुए पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। बातचीत के बाद अलग-अलग किश्तों में बैंक खाते में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराए गए। रकम मिलने के बाद तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया गया।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की रिपोर्ट पर 8 नवंबर 2026 को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी एवं उसके साथियों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

1.42 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद सहित कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. कामू बैगा, उम्र 30 वर्ष।
2. चंदन सिंह धुर्वे, उम्र 54 वर्ष।
3. महेश धुर्वे, उम्र 22 वर्ष।
4. सुरेश धुर्वे, उम्र 37 वर्ष।
चारों आरोपी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 9 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भोरमदेव निरीक्षक लालमन साव, एएसआई दिनेश झरिया, एएसआई संजीव तिवारी, साइबर टीम एवं थाना भोरमदेव के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने मवेशी व्यापारियों से अपील की है कि क्रय-विक्रय एवं परिवहन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की धमकी, मारपीट, लूटपाट या जबरन वसूली की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।


