
कवर्धा। वडनगर से वाराणसी की ओर जा रही ‘जल-जन सेवा संकल्प बाइक रैली’ का कबीरधाम जिले में दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। 29 और 30 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कबीरधाम के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंपर्क, सेवा कार्य, सम्मान समारोह और वृक्षारोपण किया गया।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पांडेय के नेतृत्व में रैली का पहला दिन रेंगाखार मंडल के धवईपानी से शुरू हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली का स्वागत किया। इसके बाद रैली बंजारी मंदिर पहुंची, जहां दर्शन के बाद बोड़ला में मंचीय स्वागत किया गया। बोड़ला के हिंदू संगम में आदिवासी बैगा समुदाय के साथ सामूहिक भोज और नगर पंचायत के स्वच्छता दूतों का सम्मान किया गया।

इसके बाद रैली कवर्धा के सिग्नल चौक पहुंची, जहां राउत नाचा, आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ स्वागत किया गया। बाइकर्स ने शहर में देश के अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। शाम को उमेश उत्सव उद्यान में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। वहीं ‘मोर आवास मोर अधिकार’ कार्यक्रम के तहत हितग्राहियों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।

दूसरे दिन वृक्षारोपण और संस्थाओं का सम्मान
रैली के दूसरे दिन की शुरुआत उमेश उत्सव उद्यान से हुई। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर कवर्धा भगुटोला में ‘सेवा वाटिका’ कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रैली पोंड़ी, पांडातराई और हरिनाला होते हुए पंडरिया पहुंची। यहां स्थानीय बैगा कलाकारों ने पारंपरिक राउत नाचा और बैगा नृत्य की प्रस्तुति देकर रैली का स्वागत किया। सामुदायिक भवन पंडरिया में समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली पर्यावरण संरक्षण समिति और बेजुबां समिति का सम्मान किया गया।

इसके बाद बाइक रैली कुकदूर और पोलमी होते हुए मध्यप्रदेश की ओर अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।
कार्यक्रम में दाहोद सांसद जसवंत सिंह सुमन, प्रभारी अवधेश चंदेल, राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर पीयूष सिंह, प्रदेश मंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी आकाश सिंह, जिला प्रभारी आयुष सिंह, सह प्रभारी डॉ. संस्कृति वर्मा सहित भाजपा और भाजयुमो के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार, दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जनसंपर्क और सामाजिक सहभागिता के संदेश को आगे बढ़ाना रहा।


