
कवर्धा-सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा शहर में स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान में जनप्रतिनिधिगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
ल 
स्वच्छता केवल अभियान नहीं, जनआंदोलन बने-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे नागरिकों की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है। नगर पालिका द्वारा स्वच्छता के साथ सेवा, जनजागरूकता और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कवर्धा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। जब नागरिक अपने घर के साथ अपने मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को भी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तभी स्वच्छता का संकल्प जनआंदोलन बनेगा। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के साथ कवर्धा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

जनभागीदारी से मजबूत हो रहा स्वच्छता अभियान-नारायण साहू
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता के साथ नागरिकों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से नगर पालिका के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करने और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होनंे अपील करते हुए कहा कि कचरा सड़क, नाली अथवा सार्वजनिक स्थान पर न डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें।

हरी झंडी दिखाकर हुआ था अभियान का शुभारंभ
सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान का दिनांक 17 सितंबर को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया था। इस दौरान स्वच्छता एवं सेवा कार्यों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित कर सेवा एवं स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्कूलों में स्वच्छता शपथ एवं पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर की थीम पर पेंटिंग बनाकर लोगों को जागरूक किया।

गौशाला में श्रमदान के साथ प्लास्टिक मुक्त अभियान
वार्ड क्रमांक 01 स्थित गौशाला में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान किया। गौशाला परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर कचरा एकत्र किया गया। इसी क्रम में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। शहर के सार्वजनिक शौचालयों की विशेष साफ-सफाई कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। नागरिकों से सार्वजनिक शौचालयों के उपयोग के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
घर-घर पहुंचकर दे रहे स्वच्छता का संदेश
नगर पालिका की टीम द्वारा घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर देने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए प्रेरित किया गया। इसी तरह स्वच्छता सेंटरों एवं नेकी की दीवारों के पुनरोद्धार की गतिविधि आयोजित की गई। अनुपयोगी लेकिन उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल को बढ़ावा देते हुए सेंटरों को व्यवस्थित एवं बेहतर बनाया गया। गणेश विसर्जन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीम द्वारा विसर्जन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर कचरा हटाया गया तथा स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया।


