
कवर्धा। जिला मुख्यालय से दूर सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत बैजलपुर में लाखों रुपए की लागत से बना अटल डिजिटल सुविधा केंद्र केवल शोपीस बनकर रह गया है। केंद्र में कंप्यूटर सिस्टम का एक भी पार्ट नहीं है, बैठने तक की सुविधा नहीं है और हमेशा कार्यालय में ताला लटका रहता है।
ग्राम पंचायत द्वारा इस केंद्र का संचालन VLE गोविंद राम मेरावी को सौंपा गया है, लेकिन सुविधा के अभाव में वे भी केंद्र में नहीं बैठ पाते।
इस लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। शासन की महत्वपूर्ण योजनाएं जैसे जन्म प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, महतारी वंदन, निराश्रित पेंशन आदि के लिए ग्रामीणों को भटकना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र खुलने की जानकारी तो दी गई, पर आज तक एक भी प्रमाण पत्र यहां से नहीं बना। जिम्मेदार विभाग आंख मूंद कर बैठा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराया जाए और केंद्र को नियमित शुरू किया जाए।


