कवर्धाछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीति

सारंगपुर कलां में भव्य रूप से हुआ ‘वंदे मातरम् सामूहिक गायन’ कार्यक्रम

सारंगपुर कलां: विद्या भारती अखिल शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में सरस्वती शिशु मंदिर, सारंगपुर कलां के प्रांगण में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम् सामूहिक गायन’ कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, आचार्यगणों एवं दीदीगणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुर कलां के प्राचार्य श्री सी.पी. चंद्रवंशी रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय समिति के अध्यक्ष श्री रामनाथ साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के व्यवस्थापक श्री कुमेश राम साहू एवं ग्राम सारंगपुर कलां के सरपंच श्री राजेश चंद्रवंशी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का तिलक एवं पुष्पहार से स्वागत किया गया।

सामूहिक वंदे मातरम् गायन रहा मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा एकस्वर में किया गया ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन रहा। राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा।

अतिथियों ने बच्चों को किया प्रेरित

मुख्य अतिथि श्री सी.पी. चंद्रवंशी एवं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री रामनाथ साहू ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

व्यवस्थापक श्री कुमेश राम साहू एवं सरपंच श्री राजेश चंद्रवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय के आयोजन की सराहना की तथा विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं राष्ट्रहित में योगदान देने वाले नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों और अभिभावकों की भी रही सहभागिता

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय समिति के सदस्यगण, आचार्यगण, दीदीगण, स्थानीय ग्रामीण एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। इसके बाद देश की एकता, अखंडता एवं उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

You cannot copy content of this page