
बोड़ला। छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ, विकासखंड बोड़ला द्वारा VSK App एवं आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक, तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बोड़ला के माध्यम से संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार वर्मा ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को विस्तारपूर्वक अवगत कराते हुए कहा कि शासन द्वारा लागू की जा रही VSK App आधारित उपस्थिति प्रणाली का उद्देश्य पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है, किन्तु इसके क्रियान्वयन में अनेक व्यावहारिक कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि विकासखंड बोड़ला के अधिकांश विद्यालय दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में स्थित हैं, जहाँ मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट की समस्या बनी रहती है। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान व्यवस्था में शिक्षकों को अपने निजी मोबाइल एवं इंटरनेट संसाधनों का उपयोग करना पड़ रहा है, जबकि इसके लिए कोई विभागीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। साथ ही VSK App के iPhone (iOS) प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं होने, लोकेशन एवं जीपीएस संबंधी तकनीकी त्रुटियों तथा कर्मचारियों के व्यक्तिगत डेटा एवं गोपनीयता से जुड़े प्रश्न भी शिक्षकों की चिंता का विषय हैं।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की कि तकनीकी अथवा नेटवर्क संबंधी कारणों से उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में किसी भी शिक्षक या कर्मचारी का वेतन न रोका जाए तथा किसी प्रकार की दंडात्मक कार्यवाही न की जाए। साथ ही दूरस्थ एवं नेटवर्क-विहीन विद्यालयों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों का मूल दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, किंतु बढ़ते डिजिटल एवं ऑनलाइन कार्यों के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसलिए किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पूर्व जमीनी परिस्थितियों एवं शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं पर विचार किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर संघ के संगठन सचिव शरद कुमार वर्मा, सह संगठन सचिव जगजीवन हठीले, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार निषाद, सह कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार लाँझी, तरण रैकवार, भुवनेश्वर पटेल, ईश्वरी राम मरावी, धर्मेंद्र कुमार चंद्रवंशी सहित विकासखंड के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षक संघ ने आशा व्यक्त की है कि शासन एवं प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक समाधान एवं संशोधन की दिशा में सकारात्मक पहल करेगा।


