
नेऊरगांव खुर्द (कबीरधाम)। होली के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत नेऊरगांव खुर्द में युवा मुट्ठी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय रंगोत्सव फाग-सांस्कृतिक प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ 2 मार्च को उत्साह और उमंग के साथ हुआ। कार्यक्रम 2 एवं 3 मार्च 2026 को ग्राम नेऊरगांव खुर्द की पावन धरा पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय विदेशी राम धुर्वे (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, कवर्धा) के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर नरेश चंद्रवंशी (जनपद सदस्य प्रतिनिधि, बोड़ला), मोहन धुर्वे (मंडल अध्यक्ष, बोड़ला), काशीराम (भाजपा जिला प्रवक्ता, कवर्धा), सरपंच नेमसिंह धुर्वे, उप सरपंच कुलदीप चंद्रवंशी, पूर्व सरपंच कुमार धुर्वे, श्री रामू जी, समस्त पंचगण एवं युवा मुट्ठी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पहले दिन रंगोत्सव में ग्राम के वरिष्ठजनों के आशीर्वाद और युवाओं के सहयोग से प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। नगाड़ों की थाप, होली गीतों की मधुर स्वर लहरियों और रंग-गुलाल की बौछार के बीच युवाओं ने पूरे मंच और प्रांगण को उत्सवमय बना दिया। गांव के प्रत्येक मोहल्ले से पहुंचे युवाओं ने गले मिलकर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शांति, संस्कार और एकता का संदेश दिया।
आयोजकों ने बताया कि होली का यह महोत्सव आपसी भेदभाव मिटाकर प्रेम, दया और करुणा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोक-संस्कृति और पारंपरिक फाग गायन को बढ़ावा देना है।
द्वितीय दिवस में भी विभिन्न फाग प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा मुट्ठी ने विश्वास जताया है कि ग्रामवासियों के सहयोग से यह रंगोत्सव ऐतिहासिक और यादगार बनेगा।









