
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में कवर्धा की कु. रिया केशरवानी ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गनपत बघेल ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता बच्ची और उसके परिवार की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कवर्धा जिले के छात्र-छात्राएं हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते आए हैं, और यह उपलब्धि उसी परंपरा को आगे बढ़ाती है।

सुषमा बघेल ने एक महत्वपूर्ण सवाल भी उठाया कि जब हर परीक्षा परिणाम में बालिकाएं आगे रहती हैं, तो फिर महिला आरक्षण 33 प्रतिशत तक सीमित क्यों है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा गंभीर विचार का विषय है।
साथ ही उन्होंने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू होने से छात्रों को आधुनिक शिक्षा मिल रही है, जिसका सकारात्मक असर अब परिणामों में भी देखने को मिल रहा है।
कु. रिया केशरवानी की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कवर्धा जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनी है।









