
कवर्धा।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम (106वां संवैधानिक संशोधन, 2023) के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल ने आभार व्यक्त किया है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारत में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेगा। यह कदम आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत करने के साथ-साथ मातृशक्ति के सम्मान और अधिकार का प्रतीक भी है।
सुषमा गणपत बघेल ने देशभर की माताओं एवं बहनों की ओर से इस पहल के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे नारी सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक प्रयास बताया।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्णय आने वाले समय में महिलाओं को नेतृत्व के नए अवसर प्रदान करेगा और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा।


