
प्रदेश सचिव पीसीसी वीरेन्द्र सिंह जांगड़े ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट पूरी तरह निराशाजनक है और यह झूठे वादों का पुलिंदा मात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि कवर्धा (कबीरधाम) जिले के लिए बजट में कुछ भी नया और ठोस नहीं है केवल घोषणाओं का दिखावा किया गया है।

जांगड़े ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, किसी भी क्षेत्र में वास्तविक विकास कार्य नजर नहीं आ रहा। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। ₹500 में गैस सिलेंडर और 57,000 शिक्षकों की भर्ती जैसे वादे आज भी ज़मीन पर दिखाई नहीं दे रहे। जनता खोजती रह गई, पर राहत कहीं नहीं मिली।
उन्होंने आगे कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने झूठ का नया कीर्तिमान रच दिया है। बड़े-बड़े शब्दों और आकर्षक नारों के सहारे जनता को गुमराह किया जा रहा है। बजट में न किसानों के लिए ठोस योजना है, न युवाओं के लिए रोजगार का स्पष्ट रोडमैप और न ही महिलाओं के लिए वास्तविक राहत।
प्रदेश सचिव ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रदेश में अपराध बेलगाम हो चुका है। हत्या, लूट, चोरी और सामाजिक अशांति की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। जनता की सुरक्षा और विश्वास दोनों खतरे में हैं।
कवर्धा जिले का उल्लेख करते हुए जांगड़े ने कहा कि “जिले की सड़कों, अस्पतालों, स्कूलों और उद्योगों के विकास के लिए कोई नई ठोस घोषणा नहीं की गई। यह बजट जिले के साथ अन्याय है। भाजपा सरकार केवल जुमले उछाल रही है, जबकि ज़मीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।

अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब वादों और नारों से नहीं, बल्कि ठोस कार्य और जवाबदेही से संतुष्ट होगी। यदि सरकार जनहित में निर्णय नहीं लेती, तो कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष करेगी।









