
बोड़ला | छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मौनी अमावस्या के अवसर पर 6 दिवसीय हिंदू संगम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत आज 13 जनवरी से होगी, जो 18 जनवरी तक चलेगा। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन वर्ष 2013 की तरह भव्य स्वरूप में संपन्न होगा।

मातृशक्ति सम्मेलन व कलश यात्रा से होगी शुरुआत
हिंदू संगम महोत्सव के प्रथम दिन मातृशक्ति सम्मेलन एवं भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय दुर्गा वाहिनी की संयोजिका सुश्री प्रज्ञा महाला विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं मातृशक्ति सम्मेलन व कलश यात्रा की संयोजिका श्रीमती भावना बोहरा (विधायक, पंडरिया) रहेंगी।

14 जनवरी को परिवार सम्मेलन
14 जनवरी को हिंदू संगम कार्यक्रम के अंतर्गत परिवार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में सम्मिलित होने वाले पुरुषों के लिए धोती तथा महिलाओं के लिए साड़ी पहनना अनिवार्य किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने हेतु पूर्व पंजीयन आवश्यक होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कुटुंब प्रबोधन प्रमुख रविंद्र जोशी होंगे।
15 जनवरी को जनजातीय बैगा-गुनिया सम्मेलन
15 जनवरी को जनजातीय बैगा-गुनिया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में फूंक-झाड़ एवं पारंपरिक चिकित्सा सेवा प्रदान करने वाले बैगा-गुनिया तथा ग्रामीण डॉक्टरों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में आरोग्य भारती संगठन के मंत्री अशोक वार्ष्णेय की उपस्थिति रहेगी।
16 जनवरी को मंदिर पुजारी एवं संत सम्मेलन
16 जनवरी को मंदिर पुजारी एवं संत सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के मंदिरों में पूजा-पाठ करने वाले पुजारी एवं संत सम्मिलित होंगे।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के मंदिर अर्चक आयाम संपर्क प्रमुख अरुण नेटके उपस्थित रहेंगे।
17 जनवरी को भव्य युवा सम्मेलन
17 जनवरी को हिंदू संगम महोत्सव के अंतर्गत युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5000 से अधिक युवाओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में मध्य क्षेत्र के नगर क्षेत्र प्रचारक प्रेम शंकर सिदार मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में युवाओं को नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता एवं हिंदू समाज के प्रति दायित्वों पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
साथ ही छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कथा वाचक युवराज पांडे द्वारा कथा वाचन भी किया जाएगा।
18 जनवरी को मौनी अमावस्या पर होगा भव्य हिंदू संगम सम्मेलन
महोत्सव का समापन 18 जनवरी, मौनी अमावस्या को भव्य हिंदू संगम सम्मेलन के साथ होगा।
कार्यक्रम संयोजक दुर्गेश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2013 से लगातार मौनी अमावस्या के अवसर पर हिंदू संगम कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, और इस वर्ष भी 6 दिवसीय आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दूसरे दिन से अंतिम दिन तक प्रतिदिन यज्ञ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि के रूप में सर सह कार्यवाह रामदत्त चक्रधर तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा की जाएगी।
आयोजकों ने हिंदू समाज से अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सामूहिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक हिंदू परिवार से एक मुट्ठी चावल एवं ₹10 का सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है, जिससे समाज की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।









