
पोंडी: पी एम श्री सेजेस पोंडी में ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का आयोजन पूरे उत्साह के साथ किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

आज दिनांक 20.05.2025 को बच्चों के लिए विशेष टॉय मेकिंग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें एक कुम्हार को आमंत्रित कर बच्चों को मिट्टी से दीया, घड़ा, चुकलिया, खिलौने एवं मूर्तियाँ बनाना सिखाया गया। बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लेते हुए स्वयं भी मिट्टी के विभिन्न उत्पाद बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। किसी छात्र ने दीया बनाया, किसी ने खिलौना तो किसी ने सुंदर मूर्तियाँ एवं घड़े तैयार किए।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री एन.के. चंद्रवंशी एवं प्रशासक श्री बी. पात्रे द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर की गई।
इस अवसर पर श्री रामफल चंद्रवंशी, श्री टी.एल. कोसले, श्री जे.पी. शुक्ल, कन्हैया लहरे, प्रमोद वर्मा, एल.इन. चंद्राकर, मनहरण लंझेकर, श्रीमती अनिता चंद्रवंशी एवं श्रीमती अवस्थी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

समर कैंप के अंतर्गत प्रत्येक दिन नृत्य, संगीत, चित्रकला, खेलकूद आदि विविध गतिविधियाँ निर्धारित कार्यक्रम अनुसार संचालित की जा रही हैं। बच्चों को प्रतिदिन नाश्ता एवं फल भी प्रदान किए जा रहे हैं।
विद्यालय में समर कैंप को लेकर विद्यार्थियों में अत्यधिक उत्साह देखा जा रहा है, और उनकी उपस्थिति में निरंतर वृद्धि हो रही है।









