कवर्धाछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाराजनीति

नेऊरगांव खुर्द में 24 घंटे का श्रीराम संकीर्तन महोत्सव संपन्न

20 राम संकीर्तन मंडलियों ने बिखेरी भक्ति की रसधारा, युवा मुट्ठी ने सेवा, सम्मान और सहयोग में निभाई अहम भूमिका

नेऊरगांव खुर्द (कबीरधाम)। “श्रीराम जय राम, जय जय राम” के अखंड जयघोष से 24 घंटे तक गूंजता रहा ग्राम नेऊरगांव खुर्द। हरि ओम बोल बम समिति के तत्वावधान में आयोजित 24 घंटे का अखंड श्रीराम संकीर्तन एवं रामधुनी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

इस आयोजन में गांव की युवा शक्ति ‘युवा मुट्ठी’ की विशेष सक्रिय भूमिका देखने को मिली। युवा मुट्ठी के साथियों ने आयोजन को अपना सामूहिक दायित्व मानते हुए सेवा, व्यवस्था, सहयोग एवं मंडलियों के सम्मान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी का यह प्रयास गांव में विशेष चर्चा का विषय रहा।कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न क्षेत्रों एवं जिलों से लगभग 20 राम संकीर्तन मंडलियों ने सहभागिता की ।अलग-अलग मंडलियों के मधुर भजनों, गीत-संगीत और राम नाम संकीर्तन से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। 24 घंटे तक ग्राम की पावन धरती पर राम नाम की गूंज निरंतर सुनाई देती रही।

 

विशेष रूप से कुकदूर-पंडरिया विकासखंड की राम संकीर्तन मंडली ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति एवं मधुर संकीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

 

राम संकीर्तन प्रतियोगिता

 

आयोजन के अंतर्गत राम संकीर्तन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें मित्र युवा मंडली राम संकीर्तन, मारियाटोला ने प्रथम, राम संकीर्तन मंडली जरती ने द्वितीय तथा राम संकीर्तन मंडली जंगलपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

प्रथम पुरस्कार की ₹3000 की सहयोग राशि ‘युवा मुट्ठी’ द्वारा प्रदान की गई। द्वितीय पुरस्कार के लिए माधव कुंज, यशेश पटेल एवं रामाडी पटेल द्वारा सहयोग राशि प्रदान की गई। तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹2001 तथा लक्की चंद्रवंशी टूर एंड ट्रेवल्स द्वारा ₹1001 की सहयोग राशि प्रदान की गई।

 

‘युवा मुट्ठी’ ने बढ़ाया सम्मान का भाव

 

महोत्सव में शामिल सभी राम संकीर्तन एवं मानस मंडलियों को आयोजन समिति द्वारा श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया गया। इसी क्रम में समाजसेवी श्री अशोक गुरुजी के माध्यम से प्रत्येक मानस मंडली को ₹151 की सम्मान राशि, भगवान श्रीराम की प्रतिमा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

इस पहल ने आयोजन में शामिल मंडलियों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और रामभक्ति के भाव को और मजबूत किया।

 

सामूहिक सहभागिता बनी आयोजन की ताकत

 

कार्यक्रम की सफलता में ग्राम के बुजुर्गों का आशीर्वाद, माताओं-बहनों का सहयोग, बच्चों की सहभागिता और युवाओं की सक्रिय सेवा महत्वपूर्ण रही। ग्राम पंचायत नेऊरगांव खुर्द के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण एवं संपूर्ण पंचायत टीम का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

 

युवा मुट्ठी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि गांव की युवा शक्ति जब अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर आगे बढ़ती है, तो किसी भी आयोजन को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जा सकता है।

 

आयोजन समिति ने सभी आगंतुक राम संकीर्तन एवं मानस मंडलियों, सहयोगकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, युवा मुट्ठी के सभी युवा साथियों एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

 

रामधुनी संपन्न हुई है, लेकिन राम नाम की गूंज और सेवा-सहयोग की यह भावना नेऊरगांव खुर्द में निरंतर बनी रहे—यही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।

You cannot copy content of this page