कवर्धाछत्तीसगढ़न्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीति

किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर 20 अगस्त को समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ करेगा धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम

कबीरधाम। समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ, जिला कबीरधाम द्वारा क्षेत्र के किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर 20 अगस्त 2026, गुरुवार को धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में किसान संघ द्वारा अनुविभागीय अधिकारी, बोड़ला को लिखित सूचना देकर प्रशासन से समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई है।

किसान संघ ने प्रमुख रूप से पौड़ी से सिल्हाटी तक की सड़क की तत्काल मरम्मत कर उसे आवागमन के योग्य बनाने, गन्ना किसानों को खाद, बीज, पानी, निंदाई-गुड़ाई सहित खेती में होने वाले खर्च को ध्यान में रखते हुए ₹100 प्रति क्विंटल प्रोत्साहन (बोनस) राशि प्रदान करने तथा गन्ना फसल को कृषक उन्नति योजना में शामिल कर गन्ना किसानों को ₹15,000 की सहायता राशि देने की मांग की है।

किसान संघ का कहना है कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों एवं किसानों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गन्ने की खेती में लगातार बढ़ती लागत के कारण किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में किसानों को उचित प्रोत्साहन एवं आर्थिक सहायता दिया जाना आवश्यक है।

किसान संघ ने प्रशासन को स्पष्ट किया है कि यदि दो दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है, तो संगठन द्वारा 20 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से हनुमान गार्डन, पौड़ी में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 4:00 बजे से NH-30 स्थित प्रभाटोला तिराहा में चक्का जाम किया जाएगा।

समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ ने कहा कि यह आंदोलन किसानों की जायज मांगों एवं क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए किया जा रहा है। संगठन ने प्रशासन से मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।

समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ, जिला कबीरधाम ने जिले के किसानों से भी अपने अधिकार एवं जायज मांगों के लिए एकजुट होकर आंदोलन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

You cannot copy content of this page