
कवर्धा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के 4-लेन विस्तार तथा कवर्धा बायपास निर्माण की केंद्र सरकार से मिली स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।

इस महत्वपूर्ण पहल से जबलपुर से रायपुर तक निर्बाध 4-लेन कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, वहीं कवर्धा बायपास के निर्माण से शहर में यातायात दबाव कम होगा और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी, जिससे समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत कवर्धा, सुषमा गनपत बघेल की ओर से केंद्र सरकार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा गया कि यह निर्णय कबीरधाम जिले और कवर्धा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने जनहित में लिए गए इस निर्णय के लिए दोनों नेताओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।









