कवर्धाछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीति

किसानों की समृद्धि और समाज की मजबूती के लिए संगठित हुआ साहू समाज, किसान प्रकोष्ठ की बैठक में बनी रणनीति

रायपुर/कवर्धा। रायपुर के टिकरापारा स्थित भामाशाह छात्रावास में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू की अध्यक्षता एवं किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चोवाराम साहू के नेतृत्व में किसान प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि विकास, संगठन विस्तार, युवा सहभागिता तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेशभर के प्रत्येक जिले एवं गांव तक किसान प्रकोष्ठ को मजबूत बनाने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने कहा कि साहू समाज की पहचान गांव, खेती और किसानों से जुड़ी है। किसानों की आर्थिक उन्नति, आधुनिक कृषि को बढ़ावा और समाज को संगठित करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने पदाधिकारियों से किसान हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साधना साहू ने किसान परिवारों के विकास में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए महिला शक्ति एवं युवाओं को संगठन से जोड़ने पर बल दिया।

प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।

किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चोवाराम साहू ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों की आवाज को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके लिए प्रदेशभर में किसान संवाद, संगठन विस्तार और जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे।

बैठक के दौरान किसान प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सभी पदाधिकारियों को संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साधना साहू, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष साहू संघ कबीरधाम शीतल साहू, प्रदेश महामंत्री बालाराम साहू सहित किसान प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT

You cannot copy content of this page