
पंडरिया | शिक्षा समाचार
इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय पंडरिया, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) में गणित विभाग द्वारा दो दिवसीय राष्ट्रीय गणित दिवस–2025 का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मधुसूदन सिंह राजपूत ने की। आयोजन की शुरुआत भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।

19 दिसंबर 2025 को प्रथम दिवस में “Contribution of Mathematics in Scientific Innovation” विषय पर गणितीय प्रश्नोत्तर, पोस्टर, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
20 दिसंबर 2025 को द्वितीय दिवस पर सेमिनार आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. निधि देवांगन (सहा. प्रा., गणित, धरसीवा रायपुर) ने “Contribution of Srinivasa Ramanujan in Mathematics” विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं विशिष्ट वक्ता डॉ. एस.आर. टंडन (सहा. प्रा., कंप्यूटर साइंस, कवर्धा) ने “Role of Mathematics in AI & IOT” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया।
इस अवसर पर बीएससी मैथ्स में पिछले सत्र के प्रथम, द्वितीय एवं अंतिम वर्ष में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को रामानुजन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, अतिथि व्याख्याता, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम संयोजक श्री ओमप्रकाश देवांगन ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
यह आयोजन CCOST रायपुर एवं NCSTC, भारत सरकार के तत्वावधान में संपन्न हुआ।









