
कवर्धा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकासखंड बोड़ला अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला में योग एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग गुरु लीलाराम साहू एवं योग प्रशिक्षित बालिका संजना चंद्रवंशी द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को प्राणायाम, व्यायाम और विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्यातागण, एसएमसी सदस्य, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागीरथी चंद्रवंशी ने कहा कि प्राचार्य सी.पी. चंद्रवंशी के नेतृत्व में प्रतिवर्ष योग गुरु लीलाराम साहू द्वारा इस प्रकार का आयोजन किया जाता है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने भी स्वस्थ जीवन के लिए योग और प्रातःकालीन दिनचर्या को महत्वपूर्ण बताया है, इसलिए सभी को नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

परमेश्वर साहू ने योगासन एवं प्राणायाम के शारीरिक और मानसिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं सी.पी. चंद्रवंशी ने कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है और भारत को विश्वगुरु बनाने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिसर में चंपा एवं ट्रेवलर्स पाम के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। योगाभ्यास और वृक्षारोपण के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


