
कवर्धा। जिला महासचिव NSUI अमन वर्मा ने शासकीय आत्मानंद स्वामी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रानी दुर्गावती चौक के समीप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी की मौन सहमति और संरक्षण में सरकारी शिक्षा संस्थानों के आसपास संघ की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अमन वर्मा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि शासकीय विद्यालय शिक्षा का केंद्र होता है, जहां किसी भी राजनीतिक या वैचारिक संगठन की गतिविधियों को बढ़ावा देना शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी स्कूल परिसर या उसके आसपास RSS का अभ्यास वर्ग संचालित हो रहा है, तो यह स्पष्ट करना जिला शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि इसकी अनुमति किस आधार पर दी गई।

NSUI जिला सचिव मेहुल सत्यवंशी ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी शिक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष रखने के बजाय एक विशेष वैचारिक संगठन के प्रति झुकाव दिखा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच गलत संदेश जा रहा है। संगठन ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही या पक्षपात सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

अमन वर्मा ने कहा कि सरकारी स्कूल जनता के टैक्स से संचालित होते हैं और उनका उपयोग केवल शैक्षणिक एवं सामाजिक उद्देश्यों के लिए होना चाहिए। किसी भी संगठन विशेष को सरकारी परिसरों का उपयोग करने की अनुमति देना शिक्षा के मूल उद्देश्यों के विपरीत है।

NSUI ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।


