
आमानारा, कवर्धा: सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत आमानारा के आश्रित गांव झुरगीदादर, बरपानी सहित आसपास के इलाकों में महतारी वंदन योजना का e-KYC कार्य भारी चुनौतियों के बीच जारी है। सीएससी संचालक मुकेश कुमार धुर्वे द्वारा हितग्राहियों का e-KYC किया जा रहा है।

यह पूरा क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। इस वजह से यहां मोबाइल नेटवर्क और बिजली की भारी समस्या बनी रहती है। तपती गर्मी और चिलचिलाती धूप में भी काम नहीं रुक रहा। अक्सर नेटवर्क न मिलने के कारण ऊंचाई वाले स्थानों पर जाकर सिग्नल तलाशना पड़ता है। बिजली न होने पर भी कई बार काम रुक जाता है।

इतनी कठिनाइयों के बावजूद सीएससी संचालक मुकेश धुर्वे ग्रामीण महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। तेज धूप में खुले आसमान के नीचे टेबल-कुर्सी लगाकर, लैपटॉप से e-KYC कर रहे हैं और बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। उनके इस कार्य से वनांचल की महिलाएं महतारी वंदन योजना से वंचित नहीं रहेंगी।
ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क और लाइट की समस्या यहां सालों पुरानी है, लेकिन महतारी वंदन योजना के e-KYC के लिए सीएससी संचालक का समर्पण सराहनीय है।


