कवर्धाखेलछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीति

देश की प्रगति और एकता में क्षत्रिय कुर्मी समाज का सदैव रहा अविस्मरणीय योगदान – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

संगठित समाज से ही निर्मित होता है सशक्त राष्ट्र - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अखिल भारतीय क्षत्रिय कुर्मी समाज के महासभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विकास कार्यों की दी बड़ी सौगात

कवर्धा: कबीरधाम जिले के डोंगरिया में आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय कुर्मी समाज के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने समाज की एकता, संगठन और देश व प्रदेश के विकास में समाज की भूमिका और योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक संगठित और मजबूत समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों को सिंचाई, सड़क और जलेश्वर महादेव विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। इससे पूर्व उन्होंने जलेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कुर्मी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। छत्रपति शिवाजी और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसी विभूतियां इस समाज से आती हैं, जिन्होंने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज एक प्रगतिशील और समृद्ध समाज है तथा खेती-किसानी में भी समाज काफी आगे है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया गया है। प्रदेश सरकार रामलला दर्शन योजना चला रही है, जिसके तहत अब तक 42 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का भी पुनः प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मोदी की गारंटी को पूरा करने का कार्य किया गया है। महतारी वंदन योजना की 27 किश्त जारी की जा चुकी है, जिससे हितग्राही महिलाओं के खातों में अब तक 27-27 हजार रुपए पहुंच चुके हैं। प्रदेश में 10 हजार 500 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के उन्नयन के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर कार्य किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है तथा संगठित समाज ही निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज मेहनतकश, उन्नत, समृद्ध और उच्च नैतिक मूल्यों वाला समाज है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को सही दिशा देने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि कुर्मी समाज छत्तीसगढ़ में एक मजबूत और संगठित समाज के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है। समाज का मूल मंत्र विश्वास, संगठन, चरित्र और एकता है।

तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ने कहा कि कुर्मी समाज प्रदेश का एक जागरूक और प्रगतिशील समाज है, जिसकी मजबूत उपस्थिति लगभग हर गांव में देखने को मिलती है।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि कुर्मी समाज खेती-किसानी, व्यवसाय, शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं सहित हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और संगठन किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है।

अखिल भारतीय क्षत्रिय कुर्मी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार ने कहा कि कुर्मी समाज एक मेहनती, जागरूक और संगठित समाज है, जिसकी संगठनात्मक परंपरा 132 वर्षों से भी अधिक पुरानी है।

मुख्यमंत्री ने दी विकास कार्यों की बड़ी सौगात

डोंगरिया में मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने क्षीरपानी जलाशय मध्यम परियोजना से नहर विस्तारीकरण की घोषणा की। इस परियोजना की अनुमानित लागत 50 करोड़ रुपए है, जिससे लगभग 1100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी। इसके साथ ही जलेश्वर महादेव मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए तथा खरहट्टा से डोंगरिया तक 2.5 किलोमीटर सड़क उन्नयन की घोषणा भी की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता रामकुमार सोनी, राजेन्द्र चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू, उपाध्यक्ष सानू तिवारी, अंबिका चंद्रवंशी, चंद्रशेखर चंद्राकर, आईजी बालाजी राव, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

ADVERTISEMENT

You cannot copy content of this page