कवर्धाकोरबाछत्तीसगढ़न्यूज़

डामर फैक्ट्री से उठता धुआँ बना छात्रों के लिए मुसीबत, कृषि महाविद्यालय परिसर में बढ़ा प्रदूषण

एबीवीपी ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, जांच व कार्रवाई की मांग

कोरबा/कटघोरा।

कृषि महाविद्यालय कटघोरा के परिसर एवं छात्रावासों में इन दिनों गंभीर प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। कॉलेज के ठीक सामने संचालित डामर (अस्फाल्ट) फैक्ट्री से निकलने वाला धुआँ, धूल एवं प्रदूषित कण लगातार कॉलेज परिसर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डामर फैक्ट्री से उठने वाला धुआँ बॉयज़ हॉस्टल एवं गर्ल्स हॉस्टल तक पहुँच रहा है। इसके चलते छात्रों को साँस लेने में दिक्कत, आँखों में जलन, खाँसी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ हो रही हैं। प्रदूषित वातावरण का सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।

विद्यार्थियों का कहना है कि 20 जनवरी से प्रैक्टिकल परीक्षाएँ शुरू होने वाली हैं, लेकिन मौजूदा प्रदूषण की स्थिति में अध्ययन करना अत्यंत कठिन हो गया है। यह समस्या न केवल छात्रों के वर्तमान स्वास्थ्य बल्कि उनके भविष्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।

इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला कोरबा इकाई कटघोरा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ), पोड़ी उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपा गया। परिषद ने डामर फैक्ट्री की तत्काल जाँच कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने एवं उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि कृषि महाविद्यालय परिसर और छात्रावासों को प्रदूषण से मुक्त कराया जा सके।

एबीवीपी ने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाने की अपील की है। छात्रों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस गंभीर समस्या का समाधान करेगा।

इस अवसर पर एबीवीपी कार्यकर्ता अमरजीत सिंह राजपूत (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य/कैंपस अध्यक्ष), प्रदीप साहू (जिला संगठन मंत्री), सुमित साहू (नगर स्टडी सर्कल प्रमुख) सहित शुभम सूर्यवंशी, अखिल खूंटे, प्रीति साव, अजय कश्यप, देवेंद्र साहू, झरना साहू, संजना मरावी, जान्हवी दिनकर, रंजना लिबर्टी, जितेश साहू एवं मंदीप सिंह मार्को मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT

You cannot copy content of this page