
कबीरधाम। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित देशी प्लेन शराब जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त आर. संगीता, कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह धुर्वे के मार्गदर्शन में की गई।

शनिवार 07 दिसंबर 2025 को ग्राम झलमला में गश्त के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर नैन सिंह (पिता अघन सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम सोनवाही, थाना झलमला) के मकान की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी में मध्यप्रदेश निर्मित देशी मदिरा प्लेन के 49 पाव (कुल 8.820 बल्क लीटर) बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत ₹3920 आंकी गई।
मौके पर संपूर्ण मदिरा जब्त कर आरोपी को अवैध रूप से शराब धारण एवं विक्रय करने के आरोप में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क, 34(2), 59(क) एवं 36 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया तथा उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक रामानंद दीवान द्वारा की गई। इस दौरान वृत्त कवर्धा प्रभारी गीता साहू, आबकारी मुख्य आरक्षक जगदीश उईके, आरक्षक कमल मेश्राम, आकाश चौहान एवं अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
जिले में आबकारी विभाग की यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर कड़ा संदेश देती है।









