
कबीरधाम: जिले के 9 किसानों से स्प्रिंकलर पाइप और नोजल दिलाने के नाम पर 90 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम डंगनिया निवासी हेमलाल साहू पिता प्रीतम साहू ने प्रत्येक किसान से 10-10 हजार रुपए लिए, लेकिन न तो पाइप दिए और न ही पैसे लौटाए।

इस मामले में प्रभावित किसानों में राजा नवागांव के 5 और अचानकपुर के 4 किसान शामिल हैं। किसानों ने बताया कि 08 अगस्त 2025 को थाना प्रभारी भोरमदेव को शिकायत सौंपी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 03 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कबीरधाम को लिखित आवेदन दिया गया है।
किसानों का आरोप है कि हेमलाल साहू लगातार उन्हें धमका रहा है और साफ कह रहा है कि “जो करना है करो, जहां जाना है जाओ, न तो मैं पाइप दूंगा और न पैसा वापस करूंगा।”
इस पूरे मामले को लेकर रामदास पटेल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा, ब्लॉक बोडला ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।









