कवर्धा – धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रांतीय आह्वान पर 18 सितंबर 2024 से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन आंदोलन अब समाप्त हो गया है। जिले के 108 ऑपरेटर इस हड़ताल में शामिल थे। संघ के पदाधिकारियों ने कल रात प्रदेश के खाद्य मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की, जिसके बाद ठोस आश्वासन मिलने पर हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल, जिला अध्यक्ष मोहन चंद्राकर और संरक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि पिछले 37 दिनों से चल रहे इस आंदोलन का स्थगन करने का निर्णय लिया गया है। जिले के सभी कंप्यूटर ऑपरेटर आज से अपने काम पर लौट आए हैं और इसकी सूचना सभी जिलाधिकारियों, ब्रांच और समिति स्तर पर दे दी गई है।
संघ के नेताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, खाद्य मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।