
कवर्धा शहर मंडल भाजपा महामंत्री सानु साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना प्रदेश की माताओं और बहनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह योजना नारी सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बन रही है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में महतारी वंदन योजना के लिए ₹8,200 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के प्रति सरकार की गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह सीधे उनके बैंक खाते में आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
सानु साहू ने कहा कि इस योजना से महिलाएं परिवार के दैनिक खर्च, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं। आर्थिक संबल मिलने से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और छोटे व्यवसाय, स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान का प्रतीक है, जिससे प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।









