
कवर्धा :-सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हाई स्कूल सिंघारी में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अजजा मोर्चा कबीरधाम के नंद राज उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर विद्यालय परिवार एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नंद राज उइके ने कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के सहयोग के साथ शिक्षा, संस्कार और जागरूकता को बढ़ावा देकर ही मजबूत एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है। विद्यालय जैसे स्थानों से यदि सेवा और संस्कार का संदेश निकलता है तो उसका प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। विद्यार्थियों द्वारा भाषण रंगोली नाट्य में भाग लिया उन्होंने मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में शक्ति केंद्र संयोजक बैजलपुर सुदर्शन वर्मा, मुकेश मरकाम, शंकर साहू, जलेश धुर्वे, मुकेश उदे, पठारी साहू सरपंच प्रतिनिधि खड़ौदा खुर्द, कार्तिक उइके सरपंच प्रतिनिधि कामाडबरी, अदालत मेरावी सरपंच प्रतिनिधि बैजलपुर तथा मानसिंह मेरावी** सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार ने सेवा, सहयोग और सामाजिक दायित्व की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने विद्यालय परिसर में सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक वातावरण निर्मित किया।


