
कवर्धा: प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला भोरमदेव महोत्सव इस बार अन्तर्राष्ट्रीय गायक हंसराज रघुवंशी की ऐतिहासिक प्रस्तुति से सारे कबीरधाम जिले को भक्तिभाव की अमृतधारा में प्रवाहित करने वाला है । विदित हो कि 26 मार्च को प्रख्यात भजन गायक हंसराज रघुवंशी जी अपनी सम्पूर्ण टीम के साथ अपने लोकप्रिय भजनों की सुरमय धारा भोरमदेव महोत्सव में प्रवाहित करेंगे ।
कवर्धा विधानसभा के स्थानीय विधायक व राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का कहना है कि बरसों बाद हम फिर से भोरमदेव महोत्सव के गौरव को पुनर्स्थापित करने का प्रयास भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के माध्यम से करने जा रहे हैं।कवर्धा के जनमानस का धार्मिक व आध्यात्मिक भाव का ध्यान रखते हुए एक वृहद भव्य आयोजन को साकारित करने के लिए हम सब प्रणबद्ध हैं।
भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट व जिला प्रशासन कबीरधाम स्थानीय विधायक विजय शर्मा के मार्गदर्शन में महोत्सव की तैयारियों को जोर-शोर से कर रहा है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा का कहना है कि इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में जिले की जनता व विशेषकर श्रद्धालु भक्ति की अलौकिक छटा का अनुभव कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले में आयोजित होने वाले दो दिवसीय भोरमदेव महोत्सव की तैयारी जोरो-शोरों से की जा रही है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक पुरातात्विक और जन आस्था के केन्द्र बाबा भोरमदेव के मेला स्थल प्रांगण में किया जाएगा। भोरमदेव महोत्सव के प्रथम दिन 26 मार्च को “मेरा बोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी, वो भोलेनाथ रे, वो शंभूनाथ रे…” “युग रामराज का आ गया, शुभ दिन ये आज का आ गया…” “ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने, सारा कैलाश पर्वत मगन हो गया…”लागी मेरी तेरे संग लगी ओ शंकरा, लागी मेरी प्रीत तेरे संग मेरे शंकरा…” व शिव कैलाशों के वासी– जैसे अत्यंत लोकप्रिय भजनों के प्रख्यात भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपने भजनों की भव्य प्रस्तुति देंगे। भोरमदेव महोत्सव को इस वर्ष और भी भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन और भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव महोत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर का प्रतीक है, और हम चाहते हैं कि इस आयोजन को और भी भव्य बनाया जाए।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि 26 और 27 मार्च को होने वाला यह दो दिवसीय भोरमदेव महोत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और धार्मिक आस्था का अद्वितीय संगम होगा। इस महोत्सव के पहले दिन, 26 मार्च को, अन्तर्राष्ट्रीय गायक हंसराज रघुवंशी की भव्य भजन प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। उनके द्वारा भोलेनाथ और महाकाल के भव्य भजन प्रस्तुत किए जाएंगे, जो महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं के दिलों में भक्ति का गहरा एहसास पैदा करेंगे।
विदित हो कि इन दिनो वैश्विक स्तर पर भोलेनाथ के भजन गायन में हंसराज रघुवंशी सबसे शीर्षतम गायकों में एक है। उनके भजनों की मधुरता से महोत्सव में भव्यता का अभूतपूर्व अहसास होगा। रघुवंशी जी का संगीत वाणी और भक्ति की अद्भुत शक्ति से भरा होगा, जो महोत्सव के समस्त श्रद्धालुओं को एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करेगा।
भोरमदेव महोत्सव में छत्तीसगढ़ सुप्रसिद्ध कलाकारो द्वारा पारंपरिक कला, संस्कृति और लोकनृत्य की भी प्रस्तुति दी जाएगी। इस आयोजन में कबीरधाम जिले के कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें पारंपरिक बैगा नृत्य, गीत, नाट्य प्रस्तुति और अन्य कला रूप शामिल होंगे। इस दौरान स्थानीय कलाकार अपनी कला से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को जीवित करेंगे और श्रद्धालुओं का मनमोहित करेंगे।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन और भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट ने इस कार्यक्रम को भव्य और समृद्ध बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। आयोजन स्थल की सजावट, सुरक्षा व्यवस्था और समस्त व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की भव्य स्तर पर तैयारी की जा रही है।
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.


