
कबीरधाम। ग्राम पंचायत नेऊरगांव खुर्द में युवा मुठ्ठी संगठन के तत्वावधान में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। आयोजन में ग्राम की माता-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों एवं सियानजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के पहले दिन तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न खेल एवं मनोरंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारे और महिला सहभागिता की झलक देखने को मिली।

दूसरे दिन सुआ नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। ग्राम की माता-बहनों ने पारंपरिक सुआ नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक कला की सुंदर झलक देखने को मिली।

वहीं तीसरे दिन भारत माता की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। भारत माता की आरती के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
आयोजन की सफलता पर जताया आभार
तीन दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा मुठ्ठी संगठन के सदस्यों के साथ-साथ ग्राम की माता-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों एवं सियानजनों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। आयोजक संगठन ने सभी ग्रामवासियों के सहयोग, स्नेह और उत्साह के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
युवा मुठ्ठी संगठन ने कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा, एकता और भाईचारे को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।


