
कवर्धा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा एवं पारंपरिक खेलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से INTACH (Indian National Trust for Art and Cultural Heritage) कवर्धा अध्याय द्वारा 1 सितंबर को स्थानीय अभ्युदय पब्लिक स्कूल में अंतर-विद्यालयीन पारंपरिक गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के बालक और बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग के लिए 50 मीटर तथा जूनियर वर्ग के लिए 40 मीटर की दूरी निर्धारित की गई थी। गेड़ी पर संतुलन बनाते हुए तेज गति से दौड़ते प्रतिभागियों को देखकर कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राज्यगीत का गायन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कवर्धा युवराज मैकेलेश्वर राज सिंह युवराज कवर्धा, जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त व्याख्याता आदित्य श्रीवास्तव, डीपीएस स्कूल संचालक आशीष अग्रवाल, अश्विनी कुमार श्रीवास, दिनेश साहू एवं अभ्युदय पब्लिक स्कूल के प्राचार्य तोरण साहू उपस्थित रहे।

संस्कृति संरक्षण के लिए पारंपरिक खेलों को बढ़ावा जरूरी
स्वागत उद्बोधन में कवर्धा युवराज मैकेलेश्वर राज सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन परंपराओं और लोक खेलों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। INTACH कवर्धा के संयोजक राजा योगेश्वर राज सिंह के मार्गदर्शन में हरेली पर्व से जुड़ी गेड़ी दौड़ जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत नई पीढ़ी तक पहुंच सके।
आदित्य श्रीवास्तव ने गेड़ी दौड़ की परंपरा एवं इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गेड़ी केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शारीरिक संतुलन, व्यायाम एवं स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी पारंपरिक खेल है। वहीं प्राचार्य तोरण साहू ने INTACH कवर्धा का अभ्युदय पब्लिक स्कूल में गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इसके बाद कवर्धा युवराज मैकेलेश्वर राज सिंह ने शॉट बजाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ गेड़ी दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्वयं भी गेड़ी पर चढ़कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
सीनियर वर्ग – बालक
प्रथम — युगल पलवारे (गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा )
द्वितीय — यूराज साहू (
तृतीय — रोहित साहू (अभ्युदय स्कूल कवर्धा )
सीनियर वर्ग – बालिका
प्रथम —संध्या कौशिक (अशोका पब्लिक स्कूल कवर्धा )
द्वितीय —साक्षी ch. (R. P. S. स्कूल कवर्धा )
तृतीय —दिगेश्वरी कौशिक (दिशा पब्लिक स्कूल कवर्धा )
जूनियर वर्ग – बालक
प्रथम — पुरेन्द्र साहू (गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा )
द्वितीय — दिकेश साहू (R.P.S.स्कूल कवर्धा )
तृतीय — सागर धुर्वे (G.H.S. कैलाश नगर स्कूल कवर्धा )
जूनियर वर्ग – बालिका
प्रथम — सोनाक्षी वर्मा (अशोका पब्लिक स्कूल कवर्धा )
द्वितीय — प्रतिज्ञा मारकंडे (J.V.M. स्कूल कवर्धा )
तृतीय — निशा साहू (होली क्रॉस स्कूल कवर्धा )
प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षकों ने उपस्थित रहकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। आयोजन की सफलता में असलम नवाज, मोहित खनूजा एवं सलमान खान की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सलमान खान एवं विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती संगीता साहू ने किया।
वर्षों से निभा रहा है परंपरा को संजोने का दायित्व
ज्ञातव्य हो कि INTACH कवर्धा अध्याय द्वारा विगत अनेक वर्षों से हरेली पर्व के अवसर पर गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोक खेलों एवं विरासत को संरक्षित करते हुए बच्चों और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना है। गेड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों के आयोजन से जहां बच्चों में शारीरिक क्षमता एवं आत्मविश्वास बढ़ता है, वहीं उन्हें छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकपरंपराओं से भी परिचित होने का अवसर मिलता है।


