कवर्धाछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीति

राम्हेपुर खुर्द में नाली के अभाव में सड़क पर जलभराव, घरों में घुस रहा बारिश का पानी

कवर्धा। बारिश के मौसम में राम्हेपुर खुर्द के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है और निकासी नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात यह हैं कि सड़क पर जमा पानी स्थानीय निवासी हेतराम चंद्रवंशी के घर में भी घुस रहा है।

सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूली बच्चों को भी इसी जलभराव वाले रास्ते से स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार बारिश होने पर सड़क पर पानी का स्तर बढ़ जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है।

 

कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर पंच, सरपंच और सचिव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

घरों में पानी घुसने से बढ़ी परेशानी

 

सड़क पर जमा बारिश का पानी घरों में पहुंचने से लोगों को गंदगी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि राम्हेपुर खुर्द मुख्य मार्ग पर जल्द से जल्द नाली का निर्माण कराया जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो और लोगों के घरों में पानी न घुसे।

 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे अपनी मांग को लेकर उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने के लिए मजबूर होंगे।

 

अब देखना होगा कि लगातार बारिश और ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिम्मेदार विभाग इस समस्या का समाधान कब तक करता है।

You cannot copy content of this page