
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सावन माह के द्वितीय सोमवार को पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर में माँ नर्मदा एवं नर्मदेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं निरंतर प्रगति की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की पावन कांवड़ यात्रा की शुरुआत की जिसमें 600 से अधिक कांवड़ यात्रियों के साथ ही भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में वापसी करने वाले वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी समाज के लोग भी उनकी इस यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के जयघोष, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के नारों से अमरकंटक का वातावरण भक्तिमय हो उठा। विदित हो कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा 10 अगस्त से 16 अगस्त तक माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक कांवड़ पदयात्रा आज शुरू हुई जो जलेश्वर महादेव डोंगरिया एवं भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ सम्पन्न होगी। उनकी इस यात्रा के शुरुआत के अवसर पर हजारों की संख्या में कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं शिवभक्तों का अमरकंटक में आगमन हुआ जहाँ सभी ने उन्हें यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रियों ने अमरकंटक से भोरमदेव की ओर अपनी यात्रा प्रारंभ की। घने जंगलों, दुर्गम पगडंडियों, बीहड़ रास्तों और प्राकृतिक सुन्दरता के बीच पूरी उर्जा और उत्साह के साथ यात्रा आगे बढ़ी और प्रथम दिन माँ नर्मदा मंदिर,अमरकंटक से प्रारंभ होकर यह यात्रा गणेश मंदिर पहाड़, आमडोल, और खपरा खोल होते हुए लमनी तक होगी।

कांवड़ यात्रा के शुभारंभ से पूर्व रविवार को विधायक भावना बोहरा ने मेला मैदान (डोम), नया नगर पालिका परिसर, अमरकंटक में कबीरधाम जिले से पहुंचे कांवड़ यात्रियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं को स्वयं भोजन परोसकर सेवा की तथा भजन संध्या में शामिल होकर भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं के साथ समय बिताया। 10 अगस्त को कांवड़ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर भावना बोहरा के साथ कबीरधाम जिले से आए हजारों की संख्या में कांवड़ यात्रियों, पंडरिया विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता, समाज प्रमुख, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी-कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना की और यात्रा की सफलता के लिए मंगलकामनाएं कीं। वहीं 600 से अधिक कांवड़ यात्री विधायक भावना बोहरा के साथ इस पावन संकल्प यात्रा में सहभागी बने।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि “यह यात्रा मेरे लिए केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा-भाव का पवित्र संकल्प है। छत्तीसगढ़ में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा हमारा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करे, इसी मंगलकामना के साथ हम इस पावन यात्रा पर निकले हैं, जो माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से पूर्ण होगी। छत्तीसगढ़ वासियों और हमारे प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मेरी इस संकल्प यात्रा में सहभागी बनें सभी कांवड़ यात्रियों, भक्तजनों और कबीरधाम जिला एवं पंडरिया विधानसभा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मैं आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से हमें प्रोत्साहित किया। कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक परंपरा में आस्था, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। यह हमें प्रकृति, पर्यावरण और हमारी समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रति संवेदनशील बनाती है। हमारी आने वाली पीढ़ियां अपनी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था, परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़ी रहें, इस भाव को मजबूत करना भी इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

उन्होंने आगे कहा कि इस पावन यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का उत्साह, भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी अटूट आस्था और सेवा के प्रति समर्पण उन्हें निरंतर ऊर्जा प्रदान कर रहा है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि और विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहूं। एक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास को मैंने अपना परम कर्तव्य माना है। आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास और आशीर्वाद जताया है, वह मेरे लिए सौभाग्य और नई ऊर्जा का स्रोत है। उसी विश्वास को अपना संबल बनाकर मैं जनसेवा के अपने संकल्पों को पूरी निष्ठा से पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगी। माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ की कृपा से प्रारंभ हुई यह पावन यात्रा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए, हमारे प्रदेश की उन्नति निरंतर होती रहे और जन-जन के जीवन में शांति एवं मंगल का वास हो इसी प्रार्थना के साथ हम भोरमदेव की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय जी, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी, बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू जी, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक साहू जी, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी जी, जनप्रतिनिधि, जिला एवं पंडरिया विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, कांवड़ यात्री एवं हजारों की संख्या में शिवभक्त व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.


