
कवर्धा। ग्राम देवरी स्थित क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल में 19 जून 2026 को शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, चॉकलेट तथा पिछले शैक्षणिक सत्र के परीक्षा परिणाम वितरित किए गए।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल देवरी पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का कार्य कर रहा है। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय पर विश्वास जताते हुए एक ही दिन में 10 से अधिक बच्चों का प्रवेश कराया।

विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन के बाद सोमवार से नियमित कक्षाएं प्रारंभ होंगी तथा प्रवेश प्रक्रिया भी निरंतर जारी रहेगी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना एवं नए शैक्षणिक सत्र का उत्साहपूर्वक शुभारंभ करना रहा।


