कवर्धान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीति

बैगा समाज ने आबकारी अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

कवर्धा: कबीरधाम जिले में बैगा जनजाति के कथित उत्पीड़न और आबकारी विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर विवाद गहरा गया है। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद, कबीरधाम शाखा के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आबकारी विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

परिषद के जिलाध्यक्ष कामू बैगा ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग के कुछ अधिकारी बैगा समाज के लोगों को फर्जी मामलों में फंसाकर प्रताड़ित कर रहे हैं तथा अवैध वसूली जैसी गतिविधियों में संलिप्त हैं। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में बैगा समाज के लोगों के खिलाफ गलत तरीके से प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञापन में समाज की ओर से संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। कामू बैगा ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बैगा समाज आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा।

उन्होंने कहा कि बैगा समाज शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहा है, लेकिन लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाज ने प्रशासन से आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद के महासचिव कमल धुर्वे सहित सौखी बैगा, ओमकार सिंद्राम, तारा बैगा, दसरू बैगा, जयता बैगा, शहर सिंह बैगा, देव सिंह बैगा, परसादी बैगा, लमतू बैगा और तख्त बैगा समेत बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT

You cannot copy content of this page