
पोड़ी। पीएम श्री सेजस स्कूल पोड़ी में आज “स्वस्थ आहार, स्वस्थ जीवन” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों एवं विज्ञान शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी श्रीमती क्षिप्रा पांडे एवं सुरेश प्रजापति के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर व्याख्याता जे.पी. शुक्ला, कोसले सर, धुरी मैम, भागीरथी पात्रे सर, कन्हैया लहरें, रामफल चंद्रवंशी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मोटा अनाज (मिलेट्स), सलाद एवं फलों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन एवं जूस तैयार किए। विशेष रूप से बिना आग के बनाए जाने वाले खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें मूंगफली (फल्ली दाना) को मिक्सी में पीसकर दूध के साथ लड्डू तैयार किए गए, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी थे।
शाला विकास समिति के प्रबंधक श्री वेद साहू ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बातों को विस्तारपूर्वक समझाया। बच्चों ने भी अपने विचार प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्राचार्य एस.के. गुप्ता का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने बच्चों को सरल तरीकों से पौष्टिक आहार बनाने की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समिति के सदस्यों ने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों का स्वाद लिया और उनकी सराहना की।
आयोजन में सक्रिय भागीदारी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की गई।









