
थान खम्हरिया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला साजन, विकासखंड साजा में पदस्थ प्रधान पाठक कृष्ण कुमार वर्मा के प्राचार्य पद पर पदोन्नति होने तथा इसी संस्था में नवपदस्थ प्रधान पाठक श्रीमती मीना राजपूत के स्वागत में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञानदायिनी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ। स्वागत भाषण वरिष्ठ शिक्षक मुकेश सिंह राजपूत, श्रीमती मोमिता विश्वास, हरप्रसाद तिवारी, दरबारी ध्रुवे, संतोष पटेल एवं संकुल समन्वयक अजीमुद्दीन कुरैशी द्वारा दिया गया। वक्ताओं ने श्री वर्मा के विद्यालय में विगत 15 वर्षों के सफल कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से विद्यालय का परीक्षा परिणाम प्रतिवर्ष शत-प्रतिशत रहा है।

विगत वर्ष कक्षा आठवीं के छात्र अंशु ध्रुवे ने राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया, जिससे छात्र को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति शासन से प्राप्त होगी। इसके अलावा संभाग स्तर पर श्री वर्मा को उत्कृष्ट प्रधान पाठक पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

नवपदस्थ प्रधान पाठक श्रीमती मीना राजपूत ने सभी शिक्षकों एवं पालकों से विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने हेतु सहयोग की अपील की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

शाला परिवार की ओर से प्राचार्य के.के. वर्मा एवं नवपदस्थ प्रधान पाठक को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा सभी बच्चों को पेन वितरित किए गए। साथ ही नव नियुक्त प्रधान पाठक द्वारा सभी विद्यार्थियों के लिए न्योता भोजन का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक अजीमुद्दीन कुरैशी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष सीताराम पटेल, नवयुवक साथी संजय पटेल, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








