
कवर्धा: जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह धुर्वे ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र तथा नगर पालिका क्षेत्र से लगे हुए सीमावर्ती ग्राम पंचायत क्षेत्र में आपत्तिरहित स्थल पर मदिरा दुकान संचालन के लिए पूरे साज-सज्जा से युक्त भवन/भूमि के लिए पूर्व में आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उपयुक्त स्थल उपलब्ध न होने के कारण अपरिहार्य परिस्थितियों में उक्त प्रक्रिया निरस्त की गई थी। जन-मानस को ध्यान में रखते हुए अब आवेदन पुनः आमंत्रित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड, रायपुर द्वारा भवन/भूमि किराये पर लिए जाने हेतु जारी एसओपी के अनुसार देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान (मवेशीबाजार) के लिए सामान्य प्रयोग नियम 1(1) के अनुरूप आपत्तिरहित स्थल पर भवन/भूमि किराये पर लेने हेतु चतुर्थ निविदा आमंत्रित की जाती है। इसके अंतर्गत देशी मदिरा दुकान मवेशीबाजार एवं विदेशी मदिरा दुकान मवेशीबाजार के लिए नगर पालिका क्षेत्र तथा उससे लगे सीमावर्ती ग्राम पंचायत क्षेत्र में आपत्तिरहित स्थल पर पूरे साज-सज्जा से युक्त भवन/भूमि प्रस्तावित है।
मदिरा दुकान हेतु आपत्तिरहित स्थल पर भवन/भूमि किराये पर लिए जाने से संबंधित निर्धारित मापदण्डों की जानकारी कार्यालयीन दिवस एवं समय में कार्यालय जिला आबकारी अधिकारी (कलेक्टोरेट), जिला कबीरधाम से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि निविदा प्रपत्र शुल्क 1000 (एक हजार रुपये) बैंक ड्राफ्ट द्वारा जिला प्रबंधक, सी.एस.एम.सी.एल., जिला-कबीरधाम के नाम से जमा कर 03 फरवरी 2026 को पूर्वान्ह 12 बजे तक प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मुहरबंद निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 03 फरवरी 2026 समय दोपहर 2 बजे तक है। नियत अवधि के पश्चात् प्राप्त निविदाएँ स्वीकार नहीं की जाएंगी।कार्यालय में प्राप्त निविदाओं की तकनीकी बिड 03 फरवरी 2026 को समय शाम 4 बजे तथा वित्तीय बिड 05 फरवरी 2026 को समय शाम 4 बजे निविदाकारों के समक्ष खोली जाएगी। किसी भी निविदा को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का समस्त अधिकार समिति के पास सुरक्षित रहेगा।









