
कबीरधाम | बोड़ला।
विकासखंड बोड़ला अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला की कक्षा 10वीं की छात्रा कुमारी पूनम साहू ने बोर्ड परीक्षा में टॉप-टेन में स्थान बनाने के लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है। छात्रा के शैक्षणिक प्रदर्शन को देखते हुए शिक्षकों को पूरा भरोसा है कि इस वर्ष 10वीं की मेरिट सूची में उसका नाम शामिल होगा।

इस सफलता के पीछे विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सी. पी. चंद्रवंशी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी शेखर राजपूत, आसपास के विषय विशेषज्ञों तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खड़ौदाकला के प्रधानपाठक शिवकुमार वर्मा का अहम योगदान रहा है। सभी शिक्षक मिलकर हर रविवार को आसपास के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।
अर्धवार्षिक परीक्षा में छात्रा पूनम साहू द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन और उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन से यह लगभग 99 प्रतिशत तक तय माना जा रहा है कि इस वर्ष की 10वीं मेरिट सूची में उसका चयन होगा। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी शेखर राजपूत एवं प्रभारी प्राचार्य सी. पी. चंद्रवंशी नियमित संपर्क में रहकर छात्रा को पोषण आहार, अध्ययन सामग्री एवं परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स उपलब्ध करा रहे हैं।
इस शैक्षणिक पहल को और मजबूत करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के वरिष्ठ शिक्षाविद यू. एन. चंद्राकर, सतीश यदु एवं एम. के. गुप्ता भी रविवार को खड़ौदाकला पहुंचकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए तैयार हैं।
विद्यालय परिवार एवं शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि कुमारी पूनम साहू की सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि पूरा कबीरधाम जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।









