
कबीरधाम | बोड़ला
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला, विकासखंड बोड़ला, जिला कबीरधाम के व्याख्याता एवं प्रभारी प्राचार्य सी.पी. चंद्रवंशी निर्धन परिवार के बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्हें निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम (RTE) के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर सारंगपुरकला में निःशुल्क प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों के लिए सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सी.पी. चंद्रवंशी समय-समय पर विद्यालय पहुंचकर आरटीई के तहत प्रवेश लिए विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हैं। वे बच्चों की सभी विषयों की पढ़ाई का निरीक्षण करते हैं और यह भी सुनिश्चित करते हैं कि विद्यालय में उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो। साथ ही यह जांच भी की जाती है कि बच्चों को पढ़ाई से संबंधित सभी सुविधाएं निःशुल्क एवं नियमानुसार उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।
जब उनसे इस कार्य के प्रति उनकी विशेष संवेदनशीलता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि अभाव की पीड़ा को उन्होंने स्वयं अपने जीवन में महसूस किया है। संसाधनों की कमी के बावजूद पढ़ाई पूरी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा, इसलिए वे चाहते हैं कि आज सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ निर्धन परिवार के बच्चों को बिना किसी भेदभाव के मिले। उन्होंने कहा कि यह उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें और भविष्य में एक खुशहाल जीवन की ओर बढ़ें।
सी.पी. चंद्रवंशी का यह प्रयास न केवल शिक्षा के अधिकार को मजबूती देता है, बल्कि समाज में समानता और संवेदनशीलता का भी सशक्त संदेश देता है।









