
कबीरधाम। विकासखंड बोड़ला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला में दिनांक 19 सितम्बर 2025 को शासन की निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना के तहत 41 छात्राओं को सायकल वितरित की गई।

सायकल वितरण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रामकिंकर वर्मा, जनपद पंचायत बोड़ला के उपाध्यक्ष नंदकुमार श्रीवास, भाजयुमो जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, जनपद सदस्य प्रतिनिधि छोटूराम चंद्रवंशी तथा पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बलदाऊ चंद्रवंशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सायकल पाकर छात्राएं प्रसन्नता से झूम उठीं और उनके चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष राजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा और सुविधा के लिए सायकल योजना बेहद सराहनीय है। वहीं, छोटूराम चंद्रवंशी ने समय का महत्व बताते हुए छात्राओं को भविष्य संवारने की प्रेरणा दी।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष मनीराम साहू ने कहा कि विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर मेहनत करेंगे तो निश्चित रूप से अच्छे परिणाम आएंगे। उन्होंने विद्यालय की मरम्मत हेतु 5 लाख 80 हजार रुपए स्वीकृत होने की जानकारी भी दी।
उपाध्यक्ष नंदकुमार श्रीवास ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी और कहा कि पढ़ाई में मन लगाकर सफलता हासिल करें, किसी भी आवश्यकता पर प्रशासन सहयोग करेगा। छात्रा भागीरथी चंद्रवंशी ने खुशी जताते हुए कहा कि पहली बार इतने जनप्रतिनिधियों को पाकर हम गौरवान्वित हैं और अब हमारी समस्याओं का समाधान होना तय है।
मुख्य अतिथि रामकिंकर वर्मा ने कहा कि विद्यालय की समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। वहीं, प्राचार्य सी.पी. चंद्रवंशी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी सहयोग की अपेक्षा की।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता गोकुल चंद्रवंशी, सरपंच राजेश चंद्रवंशी, गेंदराम साहू, विद्यालय स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।









