
कवर्धा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी किसी भी राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सृजनात्मक सोच, तार्किक चिंतन एवं नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 13 नवंबर 2026 को स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा में जोन स्तरीय राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026 एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला तथा विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस वर्ष आयोजन का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ रखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा एवं सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.एस. जोशी, वरिष्ठ व्याख्याता श्री दिलीप सोनी, श्री जलेश वर्मा, श्री बसंत यूके सहित विद्यालय के समस्त व्याख्याता एवं शाला परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तथ्यों एवं नवाचार के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता ने स्वदेशी को विज्ञान से जोड़ने तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से भयभीत होने के बजाय उसके उपयोग को सीखकर नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.एस. जोशी ने विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए नियमित प्रयोग एवं नवाचार को आवश्यक बताया। उन्होंने शिक्षकों से भी पठन-पाठन को अधिक रुचिकर एवं प्रभावी बनाने के लिए वैज्ञानिक गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बाल वैज्ञानिकों ने मॉडल प्रतियोगिता, व्यक्तिगत एवं टीम प्रोजेक्ट तथा विज्ञान नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं शिक्षकों के लिए टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) एवं शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्नमंच के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों के उत्तर आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किए गए, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में निर्णायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में श्री ओपी गुप्ता, श्री विवेक श्रीवास्तव, श्री वजन राम साहू, डॉ. दीपक कुमार साहू, श्री लक्ष्मी चंद्रवंशी, श्रीमती सरिता चंद्रवंशी, श्री अश्वनी सोनी, श्रीमती अंजलि तिवारी एवं श्री आशीष बटेश्वर शामिल रहे। कार्यक्रम के जोन प्रभारी बी.आर. लहरे भी उपस्थित रहे।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, समस्या समाधान की क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में श्री अश्वनी सोनी ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन की सफलता में विद्यालय के प्राचार्य, वरिष्ठ व्याख्याताओं, समस्त शाला परिवार, निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्राचार्य
श्री जी.एस. जोशी
स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा


