न्यूज़

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल पोंड़ी में भव्य न्योता भोज, पत्रकारों ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन

लगातार दूसरे वर्ष एक हजार से अधिक बच्चों ने लिया सामूहिक भोज का आनंद, सेवानिवृत्त कर्मचारी लक्ष्मीनारायण चंद्राकर ने कराई भोजन की व्यवस्था, पत्रकारों का मोमेंटो भेंट कर किया सम्मान

पोंड़ी। बाल दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय पोंड़ी में शनिवार को भव्य न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस आयोजन ने शिक्षा के साथ सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, सेवा और सामूहिक सहभागिता की एक प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि उपस्थित पत्रकारों ने स्कूली बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर उनके साथ भोजन ग्रहण किया और बच्चों के साथ आत्मीयता के पल साझा किए।

इस अवसर पर प्राचार्य संजय कुमार गुप्ता द्वारा समस्त अधिकारियों को डायरी पेन भेंट कर सम्मानित किया गया, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति (एसएमडीसी) तथा विद्यालय प्रबंधन की ओर से उपस्थित पत्रकारों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंटकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने पत्रकारों के सामाजिक योगदान और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

लगातार दूसरे वर्ष एक हजार से अधिक बच्चों को न्योता भोज

 

इस न्योता भोज कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि विद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी लक्ष्मीनारायण चंद्राकर द्वारा एक हजार से अधिक स्कूली बच्चों के लिए भव्य भोजन की व्यवस्था कराई गई। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल पोंड़ी में लगातार दूसरे वर्ष एक हजार से अधिक बच्चों को सामूहिक रूप से न्योता भोज कराया गया है। जिले में इतने बड़े स्तर पर लगातार दो वर्षों से विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की व्यवस्था करना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण एवं सराहनीय उपलब्धि है।

इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र ही नहीं, बल्कि संस्कार, सहयोग, सेवा और सामाजिक एकजुटता की भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण स्थान है।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। वहीं प्राथमिक शाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं प्रदर्शन के माध्यम से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया।

 

कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस एवं एनएसएस के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने विशेष योगदान दिया। इन सभी ने अनुशासन, सेवा भावना, सहयोग एवं समर्पण का परिचय देते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शाला विकास एवं प्रबंधन समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष वेद साहू के करकमलों से छात्र-छात्राओं को पेन भेंटकर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

 

अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान

 

कार्यक्रम में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वेद साहू एवं विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार गुप्ता की उपस्थिति में पत्रकारों एवं अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

 

इस दौरान पत्रकार सतीश तंबोली, सूर्या चंद्रवंशी, प्रदीप गुप्ता, महबूब खान, संतोष भारद्वाज, संजू गुप्ता, सतीश पात्रे, उत्तम चंद्रवंशी, अभिषेक वर्मा, अंकिता शर्मा, उमेश शर्मा, संजय तिवारी सहित सरपंच प्रतिनिधि मोतीराम साहू, दिलीप श्रीवास्तव, बी. पात्रे, जेपी शुक्ला, रामफल चंद्रवंशी, टुम्मन कोसले, एस. वर्मा, एन.के. चंद्रवंशी, के.एल. लहरे, एस.एन. वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

आयोजन ने दिया सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश

 

समूचा कार्यक्रम अत्यंत सफल, गरिमामय, प्रेरणादायी एवं यादगार रहा। एक ओर जहां बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया, वहीं दूसरी ओर पत्रकारों का बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करना सामाजिक समानता और आत्मीयता का सुंदर उदाहरण बना। सेवानिवृत्त कर्मचारी लक्ष्मीनारायण चंद्राकर की उदार पहल ने समाज के प्रति सहयोग एवं सेवा की भावना को नई प्रेरणा दी।

 

विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं समस्त शिक्षक-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page