
बोड़ला/सारंगपुरकला। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला के प्रभारी प्राचार्य एवं व्याख्याता सी.पी. चंद्रवंशी को राज्यपाल पुरस्कार-2026 से सम्मानित किए जाने के बाद विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों, शिक्षक-स्टाफ, एसएमडीसी सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

5 सितंबर 2026 को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के कर कमलों से सी.पी. चंद्रवंशी को प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं शाल भेंटकर राज्यपाल पुरस्कार-2026 से अलंकृत किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
सी.पी. चंद्रवंशी के नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ खेल, स्काउट, बाल वैज्ञानिक गतिविधियों, वाद-विवाद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। एक विद्यार्थी द्वारा 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त करना भी विद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रहा है।
खेल के क्षेत्र में भी उनके मार्गदर्शन में छात्रा ने अंतरराष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, इंस्पायर अवार्ड, बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी सहित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
सी.पी. चंद्रवंशी को इससे पहले भी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, एससीईआरटी, मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के तहत शिक्षा श्री सम्मान, छत्तीसगढ़ शिक्षक रत्न सम्मान सहित विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा मंत्री, सांसद एवं पूर्व विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा भी उन्हें सम्मान प्राप्त हुआ है।
7 सितंबर को विद्यालय पहुंचने पर हुआ स्वागत
राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने के बाद 7 सितंबर को विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों एवं एसएमडीसी सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। क्षेत्रवासियों, ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं पालकों ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी।
इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि सी.पी. चंद्रवंशी ने विद्यालय के साथ-साथ पूरे प्रदेश में सारंगपुरकला गांव का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि पर हम सभी गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय को उनके नेतृत्व में हर वर्ष बेहतर परीक्षा परिणाम और नई उपलब्धियों की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं उपस्थित लोगों ने सी.पी. चंद्रवंशी को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।


