
कवर्धा। श्रावण मास के पावन अवसर पर मां नर्मदा महिला बोल बम समिति दौजरी, सोनबरसा, बटुराकछार एवं बारदी के तत्वावधान में आयोजित कांवड़ यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। झिरना से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा जालेश्वर महादेव डोंगरिया मंदिर पहुंची, जहां कांवड़ यात्रियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। करीब 400 महिला कांवड़ यात्रियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ इस धार्मिक यात्रा में सहभागिता निभाई।

मां नर्मदा महिला बोल बम समिति के अध्यक्ष देव चंद्रवंशी ने कहा कि यह क्षण समिति की सभी माताओं और बहनों के लिए परम गौरव का है। क्षेत्रवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर 10 अगस्त को यात्रा प्रारंभ की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने कदम से कदम मिलाकर सहभागिता निभाई। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने यह संदेश दिया है कि सच्ची श्रद्धा, दृढ़ संकल्प और एकजुटता के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

श्रावण मास आस्था, अनुशासन और सेवा का अद्भुत संगम माना जाता है। कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण के साथ-साथ सामाजिक एकता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है। इसी भावना के साथ महिलाओं ने पूरी यात्रा के दौरान भक्ति और अनुशासन का परिचय दिया।

यात्रा के समापन अवसर पर समिति की ओर से सभी साथी माताओं एवं बहनों का आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि मां नर्मदा और भगवान भोलेनाथ सभी का कल्याण करें तथा हर परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रवाह बना रहे।
हर हर महादेव! 🚩
बोल बम! 🔱


