कवर्धाखास खबरछत्तीसगढ़जन सेवान्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाराजनीतिशिक्षासमस्या

अटल आवास में अवैध कब्जाधारियों पर नगर पालिका का सख्त रुख

अवैध कब्जाधारियों पर शीघ्र होगी बेदखली की कार्रवाई

कवर्धा-नगर पालिका परिषद कवर्धा के वार्ड क्रमांक 17 स्थित नेवारी मार्ग के अटल आवास परिसर में अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे लोगों के विरुद्ध नगर पालिका प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि अटल आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 150 आवासों में से अब तक केवल 43 आवास ही पात्र हितग्राहियों को विधिवत आबंटित किए गए हैं। शेष अनेक आवासों पर अनाधिकृत व्यक्तियों ने कब्जा कर रखा है जिसके कारण वास्तविक पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित हैं।

जर्जर स्थिति पर है अटल आवास

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि अटल आवास जर्जर स्थिति पर है आगामी वर्षाऋतु को ध्यान में रखते हुए आवास में अनाधिकृत रूप से निवासरत परिवारों को हटाया जाना है। उन्होनें बताया कि शासन की योजनाएं गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाई जाती हैं। यदि कोई व्यक्ति अनाधिकृत रूप से सरकारी आवास पर कब्जा करता है तो उससे वास्तविक पात्र हितग्राही का उनका अधिकार नही मिल पाता। नगर पालिका किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगी और सभी अवैध कब्जों को हटाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

7 दिवस के भीतर खाली करें मकान

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अटल आवास में अवैध कब्जाधारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से सात दिवस के भीतर आवास खाली कर दें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो नगर पालिका बिना किसी सूचना के अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों के नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई करेगी तथा इससे उत्पन्न होने वाली समस्त कानूनी जिम्मेदारी संबंधित कब्जाधारियों की होगी।

 

*अटल आवास परिसर सर्वे का पूर्ण*

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नगर पालिका द्वारा अटल आवास परिसर का विस्तृत सर्वे कार्य कराया गया, जिसमें प्रत्येक आवास की स्थिति, आवंटन अभिलेख एवं वर्तमान में निवासरत व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। सर्वे के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मकान चिन्हित किए गए जिन पर बिना किसी वैध आवंटन के लोगों द्वारा कब्जा किया गया है। उन्होंने कहा कि सर्वे के उपरांत संबंधित लोगों को मकान खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन इसके बावजूद कई कब्जाधारियों ने अब तक आवास खाली नहीं किया है। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन अब नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई करने जा रहा है।

ADVERTISEMENT

You cannot copy content of this page