
कवर्धा। कांग्रेस के युवा नेता एवं कृषि उपज मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष चोवाराम साहू ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा ने झूठे वादों और बड़े-बड़े दावों के सहारे सत्ता हासिल की, लेकिन आज गांव, गरीब, किसान और युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का तथाकथित डबल इंजन विकास का नहीं, बल्कि जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ, महंगाई और बेरोजगारी का प्रतीक बन गया है। जारी बयान में श्री साहू ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले देशवासियों को हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये जमा कराने तथा किसानों की आय दोगुनी करने जैसे अनेक वादे किए थे। लेकिन वर्षों बाद भी इनमें से कोई भी वादा धरातल पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को केवल सपने दिखाकर वोट हासिल किए गए और अब उन्हीं लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस नेता श्री साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है। इससे आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने मध्यम वर्ग, मजदूर, किसान और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय लगातार जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं, जबकि आम नागरिकों को लगातार कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली दरों में वृद्धि से किसान और उपभोक्ता परेशान
श्री साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान बिजली दरों में लगातार वृद्धि की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते ढाई वर्षों में चार बार बिजली दरों में बढ़ोतरी कर किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी पहले ही लागत बढऩे के कारण संकट में है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आमजन में भारी नाराजगी है।
खाद और बीज की समस्या से जूझ रहे किसान
चोवाराम साहू ने कहा कि प्रदेश के किसान आज भी खाद और बीज की समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है और गुणवत्ता युक्त बीजों की कमी भी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की वास्तविक समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़
श्री साहू ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार आज युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर घट रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन एवं भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर भी युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने में भी विफल रही है, जिसके कारण लाखों युवा निराशा और अनिश्चितता के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं।
भ्रष्टाचार पर सरकार मौन
चोवाराम साहू ने आरोप लगाया कि विकास और निर्माण कार्यों के नाम पर केंद्र से लेकर राज्य स्तर तक भ्रष्टाचार का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर शिकायतें सामने आने के बावजूद निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत दिखाई देते हैं। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
जनता जवाब मांग रही है
श्री साहू ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता भाजपा सरकारों से जवाब मांग रही है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और बढ़ती आर्थिक चुनौतियां लोगों के सामने सबसे बड़े मुद्दे बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण गांव, गरीब, किसान और युवा सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। अंत में उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि भाजपा का डबल इंजन विकास की राह पर नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान और युवाओं को रौंदने का काम कर रहा है। कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनहित से जुड़े प्रश्नों पर सरकार को जवाबदेह बनाने का कार्य करेगी।


