
विकासखंड बोडला के ग्राम- नेऊरगांव (खुर्द) में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर युवा मुट्ठी के तत्वावधान में समस्त ग्रामवासियों ने एकजुट होकर गांव की सुख, समृद्धि और शांति के लिए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत गांव के हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। विश्व शांति और ग्रामीणों के कल्याण के लिए विशेष हवन-पूजन किया गया। इसके पश्चात, मंदिर परिसर हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। शाम के समय गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

गाजे-बाजे की थाप पर थिरकते श्रद्धालुओं और हाथों में लहराते भगवा ध्वज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा ने पूरे गांव का भ्रमण किया, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर भगवान को भोग लगाकर महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन में नेऊरगांव खुर्द के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से न केवल धार्मिक संस्कार जीवित रहते हैं, बल्कि गांव में आपसी भाईचारा और एकता भी सुदृढ़ होती है।









